देहात एसपी प्रमेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपी प्रेमी गुलजेब मैदानियान, ज्वालापुर का रहने वाला है। उसने गुरुवार शाम कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में कमरा बुक किया था। उसके पास एक सूटकेस था। कुछ देर बाद वो मंगलौर के मोहल्ला लालबाड़ा निवासी रमसा अंसारी को स्कूटी पर बैठाकर गेस्ट हाउस लौटा। कुछ घंटे बाद जब गुलजेब सूटकेस लेकर गेस्ट हाउस से निकला, तो सूटकेस भारी था। सूटकेस उससे खींचा नहीं जा रहा था। इस पर गेस्ट हाउस की मालकिन को शक हुआ। उन्होंने मैनेजर को सूटकेस की तलाशी लेने को कहा। जैसे ही सूटकेस खोला गया, सबको होश उड़ गए। सोशल मीडिया पर इसे लव जिहाद का रंग देने की कोशिश की गई थी, हालांकि पुलिस की सक्रियता से ऐसा नहीं हो सका।
एसपी देहात ने बताया कि लव जिहाद वाला कोई एंगल इस घटना में नहीं है। मृतका रमशा और गुलजेब दोनों एक ही समुदाय से हैं। होटल में काजल नाम की लड़की की फर्जी आईडी दी गई थी। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि आरोपी गुलजेब ने प्रेमिका को जन्मदिन के बहाने कलियर के गेस्ट हाउस में बुलाया था। पहले उसने केक काटकर जन्मदिन मनाया और फिर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी प्रेमिका पर शादी का दबाव बना रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। मृतका के परिजनों ने कहा कि जिस दिन बेटी का जन्म दिन था, उसी दिन उसका आखिरी दिन हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले 8 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन रमशा के परिजन इस शादी के लिए तैयार नहीं थे।

No comments:
Post a Comment