सपा नेता की बेटी को लेकर फरार हुआ भाजपा के नगर महामंत्री, फिर पार्टी ने निकाला

 

यूपी के हरदोई में बीजेपी के अधेड़ उम्र के नगर महामंत्री पर 26 साल की लड़की को भगा ले जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि 47 साल के बीजेपी नगर महामंत्री एक सपा नेता की 26 साल की बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गए है।

सपा नेता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीजेपी नेता के खिलाफ केस दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है। बीजेपी नेता के इस कृत्य से पार्टी की किरकिरी होने के बाद बीजेपी जिलाध्यक्ष ने उसे पार्टी से निष्कासित कर मामले को कानून के ऊपर छोड़ने का दावा कर रहे हैं।

दरअसल, यह मामला हरदोई शहर कोतवाली इलाके के एक मोहल्ले का है। भाजपा के 47 साल के नगर महामंत्री आशीष शुक्ला पर समाजवादी पार्टी के नेता की 26 साल की बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगा है। सपा नेता की ओर से पुलिस से की गई शिकायत में कहा गया है कि भाजपा नगर महामंत्री आशीष शुक्ला उर्फ राजू शुक्ला 13 जनवरी को उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया है।

सपा नेता के मुताबिक, 47 वर्षीय आशीष शुक्ला दो बच्चों का पिता है और बीमा एजेंट का काम करता था। आशीष शुक्ला उर्फ राजू ने उनकी 26 वर्षीय बेटी को शादी का झांसा दिया और उसे लेकर फरार हो गया। सपा नेता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बीजेपी नेता के खिलाफ युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस फरार बीजेपी नेता आशीष शुक्ला और सपा नेता की बेटी की खोजबीन में जुटी है।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। जल्द ही युवती को बरामद किया जाएगा और पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वही इस मामले में सपा कार्यकर्ताओं की ओर से सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट के जरिए बीजेपी पर हमला किया गया है।

बीजेपी जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा की ओर से आरोपी नेता को पार्टी विरोधी गतिविधियों के तहत 12 जनवरी का निष्कासन पत्र जारी किया गया है। इसके साथ ही पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई किए जाने का दावा किया जा रहा है।


No comments:

Post a Comment